गोरखपुर में पिता की डांट से आहत पुत्री ने सुसाइड कर लिया, जानकारी के मुताबिक CBSE के हाईस्कूल बोर्ड का रिजल्ट निकला जिसमें 78 पर्सेंट मार्क्स लाने के बाद भी पिता ने नंबर को कम बताते हुए बेटी को प्रताड़ित किया। बेटी तंग आकर जहरीला पदार्थ खा ली, आनन फानन में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मां ने आरोपी पिता के खिलाफ FIR दर्ज कराई। जिसके बाद सहजनवां पुलिस ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
78 पर्सेंट मार्क भी पिता को लगे कम, बेटी को फटकार लगाया
जानकारी के मुताबिक जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के तिलौरा निवासी दुर्गेश धर दुबे की 16 साल की बेटी आराध्या दुबे नगर पंचायत स्थित एक प्राइवेट स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। उसने CBSE बोर्ड का परीक्षा दिया था। बुधवार को जारी रिजल्ट में उसने 78 प्रतिशत मार्क्स लाया। हालांकि उसके पिता को यह नंबर कम लगे और उसने बेटी को काफी फटकार लगाई, बेटी काफी आहत हुई उस समय घर पर उसकी मां अंकिता और भाई तनिष्क घर पर नहीं थे।
अवसाद में आई बेटी ने जहर खा कर किया सुसाइड
अवसाद में आई बेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में उसे ठर्रापार सीएचसी ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया था। इस मामले में मृतिका की मां अंकिता दुबे ने पिता के खिलाफ FIR दर्ज कराई। पुलिस को दी गई तहरीर में मां ने लगाया कि रिजल्ट आने के बाद उसके पति दुर्गेश ने बेटी को कम नंबर आने पर बुरी तरह प्रताड़ित किया।
पुलिस ने पिता को किया गिरफ्तार
लगातार प्रताड़ित किया जिसकी वजह से परेशान होकर छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची सहजनवां पुलिस ने रात करीब डेढ़ बजे शव को कब्जे में लिया और पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था, उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी सहजनवां महेश चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


