चंदौली की चकिया थाना पुलिस टीम ने जांच के दौरान तीन महिलाओं सहित कुल सात अंतरराज्यीय ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 15.80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इन ठगों ने 23 अप्रैल को चकिया के बरहुवा गांव स्थित शशि ज्वेलर्स के संचालक शशि प्रकाश वर्मा के साथ धोखाधड़ी की थी। आरोपियों ने शशि प्रकाश वर्मा को 100 ग्राम से अधिक सोना देने का लालच देकर 16 लाख रुपये हड़प लिए थे। पीड़ित ने जब आरोपियों द्वारा दी गई पोटली खोली, तो उसमें सोने की जगह नकली धातु के टुकड़े मिले। रविवार को पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने इस मामले का खुलासा किया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम जांच में जुट गई 23 अप्रैल को ठगों ने शशि ज्वेलर्स के संचालक शशि प्रकाश वर्मा को 16 लाख रुपये नकद लेकर 100 ग्राम सोना देने का झांसा दिया था। उन्होंने खुद को ओडिशा की सोने की खदान में काम करने वाला बताया था। बाद में शशि प्रकाश ने जब सोने की जांच कराई, तो पता चला कि उन्हें नकली धातु देकर ठगा गया है। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम जांच में जुट गई थी। रविवार को पुलिस टीम ने ठगी करने वाले इस गिरोह के सात सदस्यों को बेलावर पहाड़ी के पास से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे मदारी के भेष में बाजारों में घूमते हैं और लोगों को सस्ते दाम पर सोना देने के बहाने ठगी करते हैं। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान ओडिशा राज्य के वानीपुर क्षेत्र के गोविंद प्रधान, विष्णु प्रधान, दुखबंधु पटरा, संतोषी प्रधान, कंचन प्रधान, बोधई प्रधान और संतोषी देवी के रूप में हुई है। पुलिस टीम में चकिया कोतवाल अर्जुन सिंह, आशीष मिश्रा, अनिल कुमार पांडेय और खुशबू यादव शामिल रहे।


