होर्मुज की तरफ बढ़ रहे 6 जहाजों ने मारा यू-टर्न, 1 भारतीय टैंकर रडार से गायब, आखिर चल क्या रहा है?

होर्मुज की तरफ बढ़ रहे 6 जहाजों ने मारा यू-टर्न, 1 भारतीय टैंकर रडार से गायब, आखिर चल क्या रहा है?

Strait of Hormuz latest news: होर्मुज स्ट्रेट के मुहाने पर शनिवार सुबह को कुछ ऐसा हुआ जिसने पूरी दुनिया के तेल बाजार को हिलाकर रख दिया। छह तेल टैंकर, जो दुबई के पास से कच्चा तेल लादकर होर्मुज की तरफ बढ़ रहे थे, अचानक पलटकर वापस आ गए। न कोई आधिकारिक ऐलान, न कोई साफ बयान। बस यू-टर्न। यह तस्वीर साफ बता रही है कि ईरान के विदेश मंत्री का शुक्रवार को दिया बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि होर्मुज स्ट्रेट सबके लिए खुला है, जमीन पर काम नहीं आया। ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने बाद में साफ किया कि अगर अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी जारी है तो रास्ता बंद ही रहेगा। यानी एक तरफ से खुला, दूसरी तरफ से बंद।

फिर से बंद हुआ होर्मुज स्ट्रेट

इसके बाद दोपहर होते-होते ईरान की तरफ से स्पष्ट रूप से कह दिया गया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद कर दिया गया है। ईरानी सेना IRGC ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट का नियंत्रण अपनी पहले की स्थिति में आ गया है, क्योकि अमेरिका लगातार ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी किये हुए है। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जब तक ईरान के साथ समझौता 100 फीसदी पूरा नहीं हो जाता, समुद्री नाकेबंदी पूरी तरह जारी रहेगी।

तीन भारतीय टैंकर भी वापस लौटे

जो छह टैंकर वापस लौटे उनमें तीन भारतीय और दो ग्रीक जहाज हैं। इनमें कुल मिलाकर करीब 83 लाख बैरल कच्चा तेल भरा है, जो गैर-ईरानी देशों का है। अगर ये टैंकर सफलतापूर्वक निकल जाते तो यह युद्ध शुरू होने के बाद से एक दिन में खाड़ी से निकला सबसे ज़्यादा तेल होता।

Desh Garima से नहीं मिल रहा सिग्नल

भारतीय टैंकरों की बात करें तो Sanmar Herald और Desh Vaibhav वापस फारस की खाड़ी में लौट आए हैं। Desh Garima की स्थिति और भी चिंताजनक है, यह जहाज तड़के करीब साढ़े चार बजे से अपना लोकेशन सिग्नल नहीं भेज रहा, यानी रडार से गायब है। Desh Vibhor भी Nissos Keros के पास रुका हुआ है। ग्रीक जहाज Nissos Keros अभी ईरान के केशम द्वीप के पास लंगर डाले खड़ा है। जहाज मालिकों के अनुसार, शुक्रवार देर रात रेडियो पर ईरानी नौसेना की तरफ से चेतावनी आई कि बिना इजाजत के होर्मुज पार करना अभी भी मना है। यह सुनकर जो जहाज आगे बढ़ रहे थे उन्होंने ब्रेक लगा दिया।

कुछ टैंकर निकले

दिलचस्प बात यह है कि कच्चे तेल के टैंकरों के लौटने के थोड़ी देर बाद तीन LPG कैरियर और एक तेल उत्पाद टैंकर उसी रास्ते से आगे बढ़ते दिखे और वे ओमान की खाड़ी में घुस रहे हैं। यानी खेल अभी पूरी तरह बंद नहीं हुआ। होर्मुज वो रास्ता है जिससे दुनिया का करीब 20 फीसदी तेल गुजरता है। इस स्ट्रेट पर जो भी असर पड़े, उसकी आंच सीधे दिल्ली, मुंबई और दुनिया के हर पेट्रोल पंप तक पहुंचती है। होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति अभी धुंधली है। दुनिया का तेल बाजार सांस रोककर अगले कदम का इंतजार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *