कर्नाटक में 25 एकड़ जमीन के लिए एक ही परिवार के 6 लोगों का कत्ल, भारी पुलिस फोर्स तैनात

कर्नाटक में 25 एकड़ जमीन के लिए एक ही परिवार के 6 लोगों का कत्ल, भारी पुलिस फोर्स तैनात

Karnataka Vijayapura massacre: कर्नाटक के विजयपुरा जिले के गोविंदपुरा गांव में जमीन विवाद में एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की पहचान दुंडप्पा रेवनसिद्दप्पा निराले (65), शिवपुत्र रेवनसिद्दप्पा निराले (58), चंद्रकांत उर्फ चंदू रेवनसिद्दप्पा निराले (55), राहुल शिवपुत्र निराले (25), समर्थ शिवपुत्र निराले (23) और शब्बीर बाबूसाब अत्तर (45) के रूप में हुई, जबकि घायलों की पहचान समर्थ शिवपुत्र निराले (23) और शब्बीर बाबूसाब अत्तर (45) के रूप में हुई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल कायम है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।

क्या कहा पुलिस ने?

कर्नाटक पुलिस और शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह खूनी संघर्ष लंबे समय से चल रहे कृषि भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है। विवाद निराले और गोलागी परिवारों के बीच चल रहा था। बताया जा रहा है कि गोलागी परिवार उस जमीन की बिक्री का विरोध कर रहा था, जिसे निराले परिवार ने हाल ही में खरीदा था। उनका दावा था कि जमीन विवादित है।

सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर निराले परिवार के सदस्य खेत में बुवाई की तैयारी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान गोलागी परिवार के लोग भी वहां आ गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बंदूक से गोलीबारी की और धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सामूहिक हत्या कांड के बाद इलाके में बढ़ा तनाव

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला सरकारी अस्पताल भेजा गया है। जिले का भीमा नदी घाटी क्षेत्र पहले भी आपराधिक घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया है। विजयपुर जिले के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबर्गी ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में चडाचन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *