खरगोन में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की राज्य पात्रता परीक्षा (SET) कल आयोजित होगी। जिला मुख्यालय पर इसके लिए 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 5519 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक एक ही पाली में होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से लगभग एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देश पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के लिए सेवानिवृत्त आईएएस कृष्णमोहन गौतम को संभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। डिप्टी कलेक्टर लोकेश छापरे को परीक्षा प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। परीक्षा के लिए यह गाइडलाइन
परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण वर्जित रहेंगे। परीक्षार्थियों को जूते-मोजे पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी; वे चप्पल या सैंडल पहनकर आ सकते हैं। चेहरे को ढंककर परीक्षा कक्ष में प्रवेश भी वर्जित किया गया है। इसके अतिरिक्त, पेंसिल, इरेजर, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, ज्यामिति कंपास, व्हाइटनर, बालों को बांधने वाले क्लचर/बकल, घड़ी, हाथ के मेटैलिक/चमड़े के बैंड, कमर बेल्ट, धूप के चश्मे, पर्स/वॉलेट और टोपी जैसी सामग्री भी परीक्षा केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित है। 16 केंद्रों पर परीक्षा
जिला मुख्यालय पर बनाए गए 16 परीक्षा केंद्रों में पीजी कॉलेज खरगोन, देवी अहिल्या उत्कृष्ट स्कूल क्रमांक-1 तिलकपथ, देवी अहिल्या बालक हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 खंडवा रोड, गर्ल्स कॉलेज आनंदनगर, कन्या उमावि क्रमांक-1 तिलक पथ, पॉलिटेक्निक कॉलेज उमरखली रोड, उमावि उमरखली रोड मोतीपुरा, आदर्श आवासीय उमावि कसरावद रोड भाडली, गायत्री शिक्षा निकेतन उमावि गली 7 मांगरुल रोड, बाल शिक्षा निकेतन उमावि तिलक पथ, महर्षि विद्या मंदिर बिस्टान रोड, आदित्य विद्या विहार खंडवा रोड, गोकुलदास पब्लिक स्कूल, राहत नर्सिंग कॉलेज गौरीधाम, सरस्वती विद्या मंदिर बीटीआई रोड और स्वामी विवेकानंद हायर सेकेंडरी जैतापुर शामिल हैं। हॉल में यह रहेगी व्यवस्था
परीक्षा केंद्र प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परिसर और कक्षों में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और हवा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। बिजली की अनुपलब्धता की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है। पर्याप्त संख्या में टेबल-कुर्सियां उपलब्ध कराने, प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी लगाने और परीक्षा दिवस पर सभी घड़ियों का समय एक समान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से 5 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवागमन और बैठक की व्यवस्था नियमानुसार सुनिश्चित करने को कहा गया है। वीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले नियंत्रण कक्ष पहुंचना होगा। उन्हें मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा सामग्री लेकर परीक्षार्थियों की तलाशी 45 मिनट पहले ड्यूटी कक्ष में ली जाएगी।


