योग दिवस पर विधानसौधा में जुटेंगे 5000 योग साधक

योग दिवस पर विधानसौधा में जुटेंगे 5000 योग साधक

सरकार ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस International Yoga Day के आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष योग दिवस का विषय स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग रखा गया है। राज्य में घर-घर योग, सबके लिए योग की अवधारणा के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनता तक जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष पोस्टर भी तैयार किए गए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडूराव ने बुधवार को पोस्टर का अनावरण किया।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे

मंत्री ने कहा कि 21 जून को शहर के विधान सौधा परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। यह कार्यक्रम विभिन्न संगठनों, आयुष कॉलेजों और योग संस्थाओं के सहयोग से सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें करीब 5,000 योग साधकों के भाग लेने की उम्मीद है। राज्यपाल थावरचंद गहलोत कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या, उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार तथा स्वास्थ्य मंत्री खुद भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा योग गुरु, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, गणमान्य व्यक्ति और फिल्मी हस्तियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में आयुष मंत्रालय की ओर से निर्धारित 45 मिनट के योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन भी किया जाएगा। राज्य सरकार योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए राज्य, जिला, तालुक और ग्रामीण स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। कर्नाटक सरकार के आयुष विभाग ने भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। राज्य और जिला स्तर के कार्यक्रमों के लिए दिशा-निर्देश तथा अनुदान जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

राष्ट्रीय संगोष्ठी

उन्होंने बताया कि आयुष विभाग ने कई नवाचार कार्यक्रम शुरू किए हैं। मैसूरु के सरकारी आयुर्वेद अनुसंधान केंद्र के सहयोग से 12 राष्ट्रीय स्तर की योग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा जून के पहले सप्ताह में बेंगलूरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान में स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी तथा विज्ञान योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर आयुष आयुक्त सुनील पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *