Dr. Yamuna Sangarasivam dancing with Michael Jackson: बॉक्स ऑफिस पर इस समय माइकल जैक्सन की फिल्म ‘माइकल’ तूफानी कमाई कर रही है। ऐसे में उनकी कई कहानियां और किस्से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।इसमें से एक ये भी है कि जब साल 1991 में पॉप किंग माइकल जैक्सन का गाना ‘ब्लैक ऑर व्हाइट’ रिलीज हुआ था। उस समय उस वीडियो ने न केवल अपने संगीत, बल्कि अपने ग्लोबल कल्चरल मैसेज से पूरी दुनिया को दीवाना बना दिया था। उस वीडियो में महज 20 सेकंड के लिए एक भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना नजर आई थीं, जिनका नाम है डॉ. यमुना संगारासिवम। आज सालों बाद एक बार फिर उनकी चर्चा हो रही है। आइये जानते हैं कौन है वो और कैसे 3000 लोगों को नहीं उन्हें चुना गया था…
माइकल जैक्सन के साथ हाईवे पर थिरका थी ओडिसी डांस (Dr. Yamuna Sangarasivam dancing with Michael Jackson)
डॉ. यमुना श्रीलंकाई-अमेरिकी मूल की थीं और उनके लिए यह सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। लॉस एंजिल्स की सड़कों पर शूट किए गए इस वीडियो के लिए यमुना ने जब ऑडिशन दिया, तो वहां करीब 3,000 कलाकार मौजूद थे। यमुना बताती हैं कि वह शुरुआत में काफी हिचकिचा रही थीं। उन्हें लगा कि उनका पारंपरिक ओडिसी नृत्य माइकल जैक्सन के आधुनिक पॉप स्टाइल के साथ मेल खाएगा या नहीं।
यमुना ने एक इंटरव्यू में बताया, “मैंने अपने माता-पिता से सलाह ली। मेरे डैडी थोड़े संशय में थे, लेकिन मेरी अम्मा ने मेरा हौसला बढ़ाया और कहा कि तुम्हें इस ऑडिशन के लिए जरूर जाना चाहिए।” अम्मा की यही बात काम कर गई और यमुना को उस ऐतिहासिक वीडियो का हिस्सा बनने का मौका मिला।

एमजे ने खुद सीखी थीं ओडिसी की मुद्राएं (Michael Jackson 1991 video Indian classical dancer)
शूटिंग के दौरान माइकल जैक्सन के समर्पण का जिक्र करते हुए यमुना बताती हैं कि पॉप स्टार ने उनके साथ कदम से कदम मिलाने के लिए काफी मेहनत की थी। लॉस एंजिल्स के एक हाईवे पर शूट किए गए उस हिस्से में जैक्सन ने रिहर्सल के दौरान खास ध्यान दिया ताकि डुएट एकदम परफेक्ट लगे। यह डॉ. यमुना का ही जादू था कि एक वैश्विक मंच पर भारतीय शास्त्रीय नृत्य को इतनी खूबसूरती से जगह मिली।
बायोपिक ‘माइकल’ का धमाका और ‘Michael 2’ का ऐलान (Michael 2 movie announcement)
आज जब हम इन यादों को ताजा कर रहे हैं, तो इसकी एक बड़ी वजह हालिया रिलीज फिल्म ‘माइकल’ भी है। एंटोनी फुक्वा के निर्देशन में बनी यह फिल्म माइकल जैक्सन की जिंदगी का एक ईमानदार सफरनामा है। फिल्म में एमजे के असली भतीजे जाफ़र जैक्सन ने मुख्य भूमिका निभाई है और यकीन मानिए, उनकी एक्टिंग और डांस को देखकर दुनिया दंग है।
फिल्म ने कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अमेरिका में ओपनिंग वीकेंड पर 97 मिलियन डॉलर और दुनियाभर में करीब 219 मिलियन डॉलर का कलेक्शन कर यह सबसे सफल म्यूजिकल बायोपिक बन गई है। फिल्म की अपार सफलता को देखते हुए मेकर्स ने अब इसके दूसरे भाग यानी ‘Michael 2’ की भी आधिकारिक घोषणा कर दी है।


