सिंगरौली जिले के वैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की लापता हो गई है। परिजनों ने एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। परिवार ने पुलिस अधीक्षक से किशोरी की जल्द बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है। परिवार के अनुसार, यह घटना 15 मई की दोपहर की है, जब किशोरी घर पर अकेली थी और अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने एक युवक पर संदेह जताया और आरोप लगाया कि वही नाबालिग को अपने साथ ले गया है। परिजनों ने बताया कि आरोपी शहबान खान पहले भी नाबालिग को लेकर जा चुका है और उस मामले में जेल भी गया था। वह फिलहाल जमानत पर बाहर था। घटना के बाद से आरोपी भी अपने घर से गायब है और उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई दिनों तक थाना और पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने शुरुआत में इसे सामान्य मामला बताते हुए उन्हें खुद तलाश करने की सलाह दी थी। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ थाना पहुंचने के बाद ही गुमशुदगी दर्ज की जा सकी। गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की वैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में पुलिस स्टाफ की भूमिका की भी जांच की जाएगी।


