आगरा नगर निगम में गुरुवार को हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 2202.86 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट को मंजूरी दी गई। अब इस प्रस्तावित बजट को चर्चा एवं अंतिम स्वीकृति के लिए नगर निगम सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। बजट में शहर के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। प्रस्तावित बजट के अनुसार शहर के विकास कार्यों पर कुल 1425.77 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। शासन के निर्देशों के बाद टोरंट पावर से ट्रांसफार्मर आदि मदों में प्राप्त किए जाने वाले 431 करोड़ रुपये के किराये को अनावश्यक अधिभार मानते हुए बजट से हटा दिया गया है। बैठक में बताया गया कि सड़क अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्यों पर 212 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं सीएम ग्रिड योजना के तहत 200 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। शहर के पार्कों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। नगर निगम ने पहली बार डॉग शेल्टर के लिए भी एक करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण पर पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नाले-नालियों के निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए 44 करोड़ रुपये तथा शहर की लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 30 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है। बैठक के दौरान एक ओ विपिन यादव ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था से निगम की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 की तुलना में निगम को इस मद में आठ गुना अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। वहीं विज्ञापन मद में भी निगम को 9.68 करोड़ रुपये की आय हुई है। बैठक में 13वें,14वें और 15वें अधिवेशन की स्थगित बैठकों के साथ 16वें अधिवेशन की बैठक के कार्यवृत्त की भी पुष्टि की गई। इसके अलावा जलकल विभाग के मूल बजट 2026-27 के आय-व्यय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उपनगर आयुक्त डॉ सरिता सिंह व आदि सहित सभी कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।


