ललितपुर ग्राम सुनौरी में प्रसिद्ध गौड़ बाबा के चबूतरे के पास खुदाई के दौरान 14 सोने के बिस्कुट मिले। इन बिस्कुटों को खुदाई करने वालों ने उसी स्थान पर मिट्टी में दबा दिया था, लेकिन उसी रात अज्ञात चोर उन्हें चुरा ले गए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह घटना 9 अप्रैल की है। कोतवाली तालबेहट क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सुनौरी में अजय सोनी (पुत्र पुरुषोत्तम सोनी, निवासी कटरा बाजार, ललितपुर) और रीजेन्द्र सोनी उर्फ वल्लन (निवासी सर्राफा बाजार, कस्बा थाना तालबेहट, ललितपुर) अपने अन्य सहयोगियों के साथ चबूतरे के आसपास जीर्णोद्धार के नाम पर अनाधिकृत रूप से खुदाई करवा रहे थे। ठेकेदार बृजेश प्रजापति (पुत्र पुनू प्रजापति, निवासी नेहरू नगर, ललितपुर) ने इसके लिए जेसीबी मशीन बुलाई थी।
खुदाई के दौरान कुल 14 बिस्कुटनुमा वजनी धातु की वस्तुएं प्राप्त हुईं। मौके पर मौजूद अजय सोनी, राजेन्द्र सोनी, हरदेश कुमार पटैरिया, ठेकेदार बृजेश कुमार प्रजापति और जेसीबी चालक शिवम अहिरवार (पुत्र मनोज, निवासी ग्राम सुनौरी) सहित अन्य व्यक्तियों ने इन वस्तुओं को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारी या पुलिस को सूचना दिए बिना, इन्हें बाबा की संपत्ति बताकर खोदी गई जगह में ही जेसीबी की मदद से मिट्टी और पत्थरों से दोबारा दबा दिया। हालांकि, उसी रात करीब 8 बजे पता चला कि मिट्टी में दबाई गई ये वस्तुएं जमीन खोदकर चोरी कर ली गई हैं।


