बिजनौर में जंगली कुत्तों के हमले में दो मादा हिरण गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से एक हिरण की बुधवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगली कुत्तों ने दोनों हिरणों को घेरा यह घटना थाना मंडावर क्षेत्र के ग्राम रावली मंडावर रोड के पास जंगल किनारे हुई। जानकारी के अनुसार, जंगली कुत्तों के एक झुंड ने दोनों हिरणों को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। कुत्तों ने हिरणों के शरीर के पिछले हिस्से को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया आसपास के ग्रामीणों ने जब यह दृश्य देखा तो तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों घायल हिरणों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद हिरणों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया, जहां पशु चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण एक हिरण की मौत हो गई। चिकित्सकों ने बताया कि दूसरी हिरण की हालत भी अभी खतरे से बाहर नहीं है और अगले कुछ दिन उसके लिए महत्वपूर्ण हैं।


