शामली पुलिस ने हाईटेंशन बिजली तार चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, वाहन और अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। शामली में लगातार हो रही हाईटेंशन विद्युत तार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बाबरी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए हाईटेंशन तार के 23 बंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा दो बोलेरो पिकअप, एक छोटा हाथी, एक अर्टिगा कार तथा तार काटने में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक कटर भी जब्त किए गए हैं। हाईटेंशन लाइन काटकर तार चोरी एसपी एनपी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी थानाभवन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। मुखबिर की सूचना पर बाबरी पुलिस और सर्विलांस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पिछले दो महीनों में कई बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इनमें 29/30 मार्च को झिंझाना क्षेत्र के टोडा गांव, 6/7 अप्रैल को गढ़ीपुख्ता के भैंसवाल, 8/9 अप्रैल को कांधला के कनियान और 17 अप्रैल को बाबरी के भाज्जू गांव में हाईटेंशन तार चोरी की घटनाएं शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली, बुलंदशहर और फिरोजाबाद समेत विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे दिन में सुनसान इलाकों की रेकी करते थे और रात में इलेक्ट्रॉनिक कटर व सुरक्षा उपकरणों की मदद से हाईटेंशन लाइन काटकर तार चोरी कर लेते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है।


