फर्रुखाबाद अग्निकांड पीड़ितों को ₹35,000 की सहायता:सिकंदरपुर तिहैया में आग से भेड़ों और झोपड़ी को हुआ था नुकसान

फर्रुखाबाद अग्निकांड पीड़ितों को ₹35,000 की सहायता:सिकंदरपुर तिहैया में आग से भेड़ों और झोपड़ी को हुआ था नुकसान

फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र के सिकंदरपुर तिहैया गांव में शनिवार को हुए अग्निकांड के पीड़ितों को जिला प्रशासन ने तत्काल राहत प्रदान की है। इस घटना में प्रभावित परिवारों को कुल ₹35,000 की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि ग्राम निवासी नेत्रपाल पुत्र भगवान की 6 भेड़ें और पशुवाड़ा आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कल्लू पुत्र भगवान की झोपड़ी भी जलकर नष्ट हो गई। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के आधार पर राज्य आपदा मोचक निधि (SDRF) के प्रावधानों के तहत यह आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। नेत्रपाल को 6 भेड़ों और पशुवाड़े की क्षति के लिए ₹27,000 तथा कल्लू को झोपड़ी के नुकसान के लिए ₹8,000 दिए जाएंगे। इस प्रकार दोनों प्रभावितों को कुल ₹35,000 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत सहायता राशि 24 घंटे के भीतर लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सके। क्षेत्रीय लेखपाल को सहायता वितरण की निगरानी और प्रकरण का नियमित अनुश्रवण करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि आपदा की किसी भी स्थिति में प्रशासन प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ा है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वर्तमान ग्रीष्मकालीन मौसम में आग लगने की घटनाओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और खेतों, पशुबाड़ों एवं झोपड़ियों के आसपास ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण में सतर्कता बरतने की सलाह दी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन या संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *