सागर की गोपालगंज थाना पुलिस ने अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक तिली बाघराज वार्ड क्षेत्र में चाकू लेकर घूम रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। आरोपी के पास से लोहे का बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि तिली बाघराज वार्ड क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध धारदार चाकू लेकर घूम रहा है और दहशत फैलाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम मुखबिर के बताए स्थान एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला तिली बाघराज वार्ड के पास पहुंची। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम करन पिता लोकमन पटेल (20), निवासी तिली वार्ड बताया। जींस की जेब से मिला बटनदार चाकू पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसकी जींस की दाहिनी जेब से लोहे का बटनदार धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आई। गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करन के खिलाफ गोपालगंज और सिविल लाइन थाने में पहले से 3 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

