दीपावली पर घरों और दुकानों की सफाई से निकलने वाले कचरे से शहर को साफ रखने के लिए कोटा नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। महापौर अनुसुईया गोस्वामी के निर्देशों पर 7 अक्टूबर से शुरू हुए इस सफाई अभियान के तहत अब तक करीब 100 टन अतिरिक्त कचरा उठाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड भेजा जा चुका है। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि त्योहार के सीजन में आम दिनों के मुकाबले कचरे का उठाव काफी बढ़ जाता है। कचरा पॉइंट पर बढ़ जाता है दबाव दीपावली पर लोग घरों और दुकानों को चमकाते हैं, जिससे निर्धारित कचरा पॉइंट्स पर अचानक दवाब बढ़ जाता है। इसी स्थिति को देखते हुए नियमित सफाई व्यवस्था को बाधित किए बिना यह विशेष अभियान तैयार किया गया है, ताकि शहर का कोई भी कोना गंदा न दिखे। 2 जेसीबी, 4 ट्रैक्टर और 40 अतिरिक्त सफाईकर्मी अभियान के तहत हर रोज चार वार्डों को टारगेट किया जा रहा है। रोज इन वार्डों में 2 जेसीबी मशीनें, 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 40 अतिरिक्त सफाई मित्र वार्डों में तैनात किए जा रहे हैं। ये टीमें न केवल कचरा पॉइंट्स से कचरा हटा रही हैं, बल्कि आसपास की गलियों और मुख्य मार्गों पर भी मुस्तैदी से सफाई कर रही हैं। निगरानी की जिम्मेदारी दी गई सफाई में किसी तरह की ढिलाई न हो, इसके लिए संबंधित वार्ड पार्षद और सफाईकर्मी को सीधी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा हेल्थ इंस्पेक्टर और ठेकेदारों को समय पर कचरा उठाने के लिए पाबंद किया गया है। जिस क्षेत्र से भी ज्यादा कचरा एकत्रित होने की सूचना मिलती है, वहां तुरंत बैकअप संसाधन भेजकर सफाई कराई जा रही है।

