सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित स्वर्ण जयंती चौक पर गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने महंगाई के खिलाफ अनूठा प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने चीनी और प्याज की प्रतीकात्मक बारात निकाली और उनकी शादी कराकर बढ़ती महंगाई की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के रसोई बजट को बिगाड़ दिया है। प्याज और चीनी जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण न होने से आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। देखें, 3 तस्वीरें…. सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने जनता से ‘अच्छे दिन’ का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद अपने वादों को भूलकर जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है। उन्होंने दावा किया कि आज किसान, नौजवान, महिलाएं, व्यापारी और दुकानदार सभी भाजपा सरकार से परेशान हैं। यादव ने बताया कि चीनी, चावल, दाल, तेल, प्याज और साबुन जैसे खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ने से जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि चीनी के दाम बढ़ने से त्योहारी सीजन में मिठाइयों की कीमतें भी बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक तरफ जनता को लूट रही है, वहीं दूसरी तरफ उसके मंत्री और विधायक जनता से दूर हैं।
प्रदर्शन में शामिल विमला देवी और लालती भारती ने कहा कि महिलाएं महंगा आटा, चावल, दाल, तेल, प्याज और साबुन जैसी वस्तुओं की कीमतों से परेशान हैं। सुरेश अग्रहरी और मनीष केडिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल पूंजीपतियों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। इस मौके पर सतीश कुमार चौबे, राजेंद्र भारती, अक्षय भारती, मारकंडे, गोपाल गुप्ता, जुनैद अंसारी, अरविंद पटेल, बचाउ बियार और सुभाष चौधरी सहित कई सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

