सोनभद्र के राबर्ट्सगंज नगर के न्यू कॉलोनी स्थित रामा हॉस्पिटल फ्रैक्चर एंड सर्जिकल सेंटर के संचालक सिद्धार्थ शंकर मिश्रा को पुलिस ने बुधवार की देर शाम गिरफ्तार कर चालान कर दिया। एक सप्ताह पूर्व अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने पर वाराणसी स्थित बीएचयू में भर्ती कराई गई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में अस्पताल के अनधिकृत रूप से संचालित होने और महिला की मौत के संबंध में मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। चोपन थाना क्षेत्र के भभाइच करगरा गांव निवासी मिथिलेश मौर्य की 19 वर्षीय पत्नी कंचन मौर्य को 14 अक्टूबर की भोर में प्रसव के लिए रामा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। यहां ऑपरेशन से बच्चे के जन्म के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप था कि हालत गंभीर होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने उसे तत्काल दूसरे अस्पताल के लिए रेफर नहीं किया। काफी आग्रह के बाद 17 अक्टूबर को उसे बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 22 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर राबर्ट्सगंज स्थित अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। ACMO की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा मामले में एसीएमओ एवं निजी चिकित्सालयों के पंजीयन नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव की तहरीर पर राबर्ट्सगंज कोतवाली में अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में अस्पताल के अनधिकृत रूप से संचालित होने और महिला की मौत से संबंधित तथ्यों का उल्लेख किया गया था। राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह को बुधवार को मुखबिर से मिली,सूचना के आधार पर मुकदमे में वांछित अस्पताल संचालक सिद्धार्थ शंकर मिश्रा को बुधवार की शाम को अशोक नगर ओवरब्रिज के नीचे से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी का चालान कर दिया।

