छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में भारतीय वायुसेना का दो दिवसीय एयर शो शुरू हो गया है। पहले दिन जवानों ने 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए उतरने से लेकर हेलिकॉप्टरों से हैरतअंगेज करतब दिखाए। आकाशगंगा टीम के 8 जवान C-295 विमान से पैराशूट के जरिए नीचे उतरे। इसके बाद MI-17 हेलिकॉप्टर से जवानों ने रस्सी के सहारे उतरने का प्रदर्शन किया। वहीं, सारंग टीम के 5 हेलिकॉप्टरों ने आसमान में डायमंड, हार्ट और डॉल्फिन समेत अलग-अलग आकृतियां बनाईं। छत्तीसगढ़ में सारंग टीम का यह पहला प्रदर्शन है। आज एयर शो का दूसरा दिन है। इसमें भी दर्शकों को वायुसेना के रोमांचक करतब देखने को मिलेंगे। सारंग टीम ने दिखाए हैरतअंगेज करतब सारंग टीम के पांचों हेलिकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरकर आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाए। हेलिकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल, नजदीकी उड़ान और एक साथ दिशा बदलने जैसे करतब आकर्षण का केंद्र रहे। रंगीन धुएं के बीच हेलिकॉप्टरों ने आसमान में कई आकृतियां बनाईं। MI-17 से रस्सी के सहारे उतरे जवान एयर शो में MI-17 हेलिकॉप्टर के जरिए जवानों के रस्सी के सहारे जमीन पर उतरने का प्रदर्शन किया गया। इस तकनीक का इस्तेमाल विशेष परिस्थितियों में जवानों को तेजी से किसी स्थान पर पहुंचाने के लिए किया जाता है। युवाओं को वायुसेना के कामकाज से परिचित कराने की पहल एयर शो के जरिए लोगों को वायुसेना के प्रशिक्षण, तकनीक और कार्यक्षमता से परिचित कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 700 से 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई। दर्शकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के तहत नया रायपुर के सेंध तालाब में सोमवार को भारतीय वायुसेना का एयर शो होगा। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलिकॉप्टर टीम रोमांचक करतब दिखाएगी। एयर शो का पहला दिन रविवार को था, जबकि सोमवार को दूसरे दिन भी दर्शकों को आसमान में हेलिकॉप्टरों के करतब देखने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने यातायात और पार्किंग की व्यवस्था तय की है। अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग रास्ते और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा चलाए जाएंगे। कहां पार्क होंगे वाहन, जानिए रूट प्लान 1. पासधारी वाहनों के लिए: माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पहुंचकर बाएं मुड़ें। सेक्टर-1 में रेलवे स्टेशन के पास निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे। यहां से बस, ई-रिक्शा या पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचा जा सकेगा। 2. रायपुर शहर से आने वाले: माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पहुंचकर दाएं मुड़ें। चंदूलाल चंद्राकर चौक से कबीर चौक होते हुए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन की पार्किंग में वाहन खड़े करें। यहां से पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचना होगा। 3. दुर्ग, भिलाई और पचपेड़ी नाका से: पचपेड़ी नाका चौक से कमल विहार चौक, सदानी दरबार और माना बस्ती अथवा केंद्रीय मार्ग से ऊपरवारा चौक पहुंचें। यहां से दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक होते हुए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन की पार्किंग में वाहन खड़े करें। 4. धमतरी और अभनपुर से: सेंट्रल मॉन्टफोर्ट स्कूल मार्ग से ऊपरवारा चौक पहुंचें। इसके बाद दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक होते हुए सेक्टर-4 स्थित अविनाश उपवन में वाहन पार्क करें। 5. बिलासपुर और बलौदाबाजार से: मंदिर हसौद-नवागांव स्टेडियम मार्ग से पहुंचें। स्टेडियम के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थलों में वाहन खड़े कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक जाएं। 6. महासमुंद और आरंग से: नवागांव स्टेडियम मार्ग से परसदा स्थित कोसा मैदान पहुंचें। यहां निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे। पुलिस ने की अपील रायपुर ग्रामीण पुलिस ने दर्शकों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े नहीं करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक पैदल भी जाना होगा, इसलिए दर्शकों को पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।

