टीकमगढ़ में रविवार देर रात बाइक से अवैध शराब ले जा रहे दो युवकों को पकड़ा गया। उनके पास से 6 पेटी शराब जब्त की गई। दोनों खोडेरा गांव में शराब की डिलीवरी देने जा रहे थे। लोगों ने दोनों को पकड़कर बुडेरा थाना पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बुडेरा थाना प्रभारी जयेंद्र गोयल ने बताया कि रविवार रात सूचना मिलने पर पुलिस ने बल्देवगढ़ थाने की सीमा से लगे इलाके में दोनों को पकड़ा। पेटियों में करीब 240 क्वार्टर थे। शराब की कुल मात्रा 43 लीटर है। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम पुष्पेंद्र लोधी निवासी माडूमर और बृजेश रैकवार निवासी पठा बताए। वे लाल रंग की बाइक से शराब ले जा रहे थे। पुलिस उनसे पता कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की जानकारी आबकारी विभाग को भी दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब बेची जा रही है और शिकायतों के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

