सुलतानपुर में युवक पर चाकू से हमला:पुरानी रंजिश में गंभीर घायल, FIR दर्ज; पुलिस टीमें दे रही दबिश

सुलतानपुर में युवक पर चाकू से हमला:पुरानी रंजिश में गंभीर घायल, FIR दर्ज; पुलिस टीमें दे रही दबिश

सुलतानपुर नगर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। यह घटना 31 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वशीर नगर गभड़िया में हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल असद शाहबान को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसके भाई मो. सरफराज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता मो. सरफराज के अनुसार, उनका भाई असद शाहबान 31 अगस्त की शाम घोसीगंज स्थित अपने प्लॉट से खैराबाद स्थित घर लौट रहा था। वशीर नगर गभड़िया में मौलू बाबा मजार के पास पहुंचते ही, घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि मो. इरफान, मो. साबिर, सुलताना, भोला उर्फ शकील, संजय भोला (पुत्रगण मो. अली), दानिश और पांच अज्ञात व्यक्तियों ने पुरानी रंजिश के चलते असद पर जान से मारने की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में असद शाहबान के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव किया, जिससे असद की जान बच सकी। राहगीरों को आता देख हमलावर असद को दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद, स्थानीय राहगीरों की मदद से घायल असद शाहबान को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही मो. सरफराज ने तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर को मामले की जानकारी दी। पुलिस की मौजूदगी में घायल का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मो. सरफराज ने कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *