सीहोर में इंदौर नाके से सोया चौपाल के बीच सड़क के गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से 28 अक्टूबर को एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद सीहोर समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई, मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता और सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। समाज ने बच्चों की शिक्षा और परिवार के भरण-पोषण के लिए भी सहायता देने की मांग रखी। गड्ढे में बाइक गिरने से हुआ हादसा ज्ञापन के मुताबिक, 28 अक्टूबर को महिला अपने परिवार के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान इंदौर नाके से सोया चौपाल के बीच बाइक सड़क के गहरे गड्ढे में चली गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों की मुफ्त शिक्षा और पति को नौकरी देने की मांग सीहोर समाज ने मृतका के दोनों बच्चों की मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करने और उनके पति को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। साथ ही परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक मुआवजा देने और दोनों बच्चों के नाम पर सरकारी स्तर से 10-10 लाख रुपए की एफडी कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई। सड़क बनाने वाली कंपनी की जांच की मांग ज्ञापन में इंदौर नाके से सोया चौपाल तक सड़क बनाने वाली कंपनी की निष्पक्ष जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की गई। समाज ने सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के साथ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य खराब सड़कों का निरीक्षण कर सुधार करने की बात भी कही। दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम की मांग समाज ने दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर सुरक्षा संकेत, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी पर बेवजह आरोप लगाना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकना है।

