सीटों पर नहीं, भाजपा को हटाने पर बात हो रही:कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक बोले लोकतंत्र की हत्या की जा रही, सड़क पर उतरेगी पार्टी

सीटों पर नहीं, भाजपा को हटाने पर बात हो रही:कांग्रेस के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक बोले लोकतंत्र की हत्या की जा रही, सड़क पर उतरेगी पार्टी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं। कानपुर के तिलक हाल में प्रेसवार्ता के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मनमोहन सिंह कटोच ने कहा कि अभी 200 या 400 सीटों पर चर्चा नहीं हो रही है। बात यह हो रही है कि भाजपा को कैसे हटाना है। और भाजपा को हटाने के लिए हम लोग मैदान में हैं। मैदान में युद्ध की रणनीति, युद्ध की बातें, वो सारी बंद कमरे में हमारा नेतृत्व करेगा और उसके बाद आपके सामने सारी पिक्चर आ जाएगी। विरोधी दलों के मतदाताओं को बनाया जा रहा निशाना कटोच ने आरोप लगाया कि देश में वोट काटकर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। खासतौर पर विरोधी दलों के मतदाताओं को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क पर संघर्ष कर रही है। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इसके जरिए कथित तौर पर लोकतंत्र और देश की संप्रभुता के खिलाफ हो रही गतिविधियों का विरोध किया जाएगा। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल कांग्रेस पर्यवेक्षक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि दोनों चुनाव आयुक्तों की ओर से कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर शिकायत की गई है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार ने इस पर क्या जवाब दिया और यदि जवाब नहीं दिया तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है। कटोच ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय की सीधी भूमिका है। उन्होंने कानपुर समेत देशभर में मतदाता सूची से वोट काटे जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि मतदाताओं के नाम हटाने के लिए क्या मानदंड अपनाए गए। कांग्रेस जब इन सवालों को जनता के बीच उठा रही है तो प्रधानमंत्री जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। भावनाओं से सत्ता हासिल करने का लगाया आरोप कटोच ने भाजपा और उत्तर प्रदेश की सरकार पर भावनात्मक मुद्दों के जरिए जनता को प्रभावित कर सत्ता हासिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश है और वे इस लड़ाई के लिए तैयार हैं। इसकी शुरुआत कानपुर से करते हुए पार्टी पूरे देश में आंदोलन करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नौजवान सरकार की नीतियों के खिलाफ खड़े होंगे और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। राष्ट्रीय सचिव जगदीश चन्द्र जांगिड़ ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव में पार्टी का सबसे बड़ा मुद्दा रोजगार रहेगा। प्रेसवार्ता में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला मौजूद रहे। शपथ ग्रहण विवाद में चल रही जांच उप्र प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के शपथ ग्रहण में लखनऊ में हुए विवाद पर कहा कि इसकी अगली तारीख 27 अक्टूबर लगी है। इसमें कई लोगों की बात सुनी जाएगी, इसके बाद रिपोर्ट बनाकर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *