देवरिया में गौरीबाजार चीनी मिल के मजदूरों और किसानों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर समाजवादी मजदूर सभा ने सोमवार को प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से दो बजे तक चले प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। 750 मजदूरों के 14.73 करोड़ रुपये बकाया जिलाध्यक्ष ऋषिकेश यादव के नेतृत्व में संगठन ने 750 मजदूरों के बकाया 14 करोड़ 73 लाख 3 हजार 876 रुपये और किसानों के करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये का जल्द भुगतान कराने की मांग की। संगठन के मुताबिक, वर्ष 1995-96 में चीनी मिल बंद होने के बाद से मजदूरों को उनका बकाया भुगतान नहीं मिला है। वसूली प्रमाणपत्र वापस करने का आरोप ज्ञापन में चीनी मिल की मशीनरी और प्लांट हटाने के साथ मजदूरों के आवास नष्ट किए जाने का भी उल्लेख किया गया। समाजवादी मजदूर सभा ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश और श्रम विभाग की ओर से जारी वसूली प्रमाणपत्रों का हवाला दिया। संगठन का आरोप है कि मजदूरों के पक्ष में जारी इन प्रमाणपत्रों को प्रशासनिक स्तर पर दो बार वापस कर दिया गया, जिससे बकाया भुगतान प्रभावित हुआ। संगठन ने इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मिल की जमीन पर नया उद्योग लगाने की मांग समाजवादी मजदूर सभा ने चीनी मिल की जमीन पर नया उद्योग स्थापित करने की भी मांग की। संगठन का कहना है कि इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

