सावन के दूसरे सोमवार पर कानपुर के श्री आनंदेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार देर रात से ही मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भोर 2 बजे मंगला आरती के बाद दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। सुबह 6 बजे तक 25 हजार से अधिक भक्तों ने दर्शन कर लिए हैं। मंदिर परिसर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजता रहा। भक्तों ने बाबा आनंदेश्वर के दर्शन किए और जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रशासन और जूना अखाड़ा की ओर से तैनात सेवादार श्रद्धालुओं को कतार में लगाकर व्यवस्थित तरीके से दर्शन करा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। घाटों के किनारे पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर के प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और पुलिसकर्मी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। पुलिस चौकी में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पुलिसकर्मी सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीमें लगातार तैनात हैं।

