सहारनपुर में गोतस्करों से मुठभेड़…एक फरार:पुलिस को देखकर बदमाशों ने चला दी गोली, काउंटर फायरिंग में एक लगी गोली

सहारनपुर में गोतस्करों से मुठभेड़…एक फरार:पुलिस को देखकर बदमाशों ने चला दी गोली, काउंटर फायरिंग में एक लगी गोली

सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में गोकशी की कोशिश कर रहे दो आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक जिंदा गोवंश, तमंचा, कारतूस, बाइक और गोकशी के उपकरण बरामद किए हैं। घटना 19 अगस्त की रात की है। थाना देवबंद प्रभारी पुलिस टीम के साथ देवबंद से बरला जाने वाली सड़क पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सांपलाखत्री गांव के जंगल में दो लोग एक बछड़े की गोकशी करने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां पुलिसकर्मियों को बछड़े के रंभाने की आवाज सुनाई दी। पुलिस टीम ने जंगल में आगे बढ़कर देखा तो दो लोग गोवंश के पास गोकशी की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गया। घायल आरोपी की पहचान शकील के रूप में हुई है।पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, एक जिंदा गोवंश, मोटरसाइकिल और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शकील शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ सहारनपुर जिले के अलग-अलग थानों में गोवध अधिनियम, पुलिस मुठभेड़, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट से संबंधित करीब आठ मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जंगल में लगातार कांबिंग की। लेकिन आरोपी फरार हो गए। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *