राजस्थान: पहले होटल में बिताए चार घंटे, फिर रेलवे ट्रैक पर ले जाकर गर्लफ्रेंड का किया मर्डर; आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार

राजस्थान: पहले होटल में बिताए चार घंटे, फिर रेलवे ट्रैक पर ले जाकर गर्लफ्रेंड का किया मर्डर; आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार

बांसवाड़ा. राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से लापता हुई 20 साल की युवती का शव मध्य प्रदेश के रतलाम में मिला। इस मामले में परिवार को एक युवक पर शक था। इसी आधार पर पुलिस ने उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलसि द्वारा जांच में जुटाई गई जानकारी के अनुसार, युवती 9 अक्टूबर को अपने प्रेमी के साथ रतलाम के एक होटल में करीब चार घंटे रुकी थी। इसके बाद आरोपी उसे प्रयागराज ले जाने की बात कहकर रेलवे स्टेशन की ओर ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोप है कि युवक ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

9 अक्टूबर को घर से निकली थी युवती

सुनहरी बांसवाड़ा जिले के घाटोल थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा थी। 9 अक्टूबर को वह घर से लापता हो गई। परिजनों को गांव के ही रहने वाले विकास यादव पर शक हुआ। विकास मूल रूप से उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के पास का रहने वाला है और गांव में मावे की दुकान पर मिठाई बनाने का काम करता था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआत में उनका कोई सुराग नहीं मिला।

रेलवे ट्रैक के पास मिला शव

10 अक्टूबर की सुबह रतलाम में रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-4 से आगे बकरा पुल के पास ट्रैक किनारे एक युवती का शव मिलने की सूचना जीआरपी को मिली। थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवती की पहचान नहीं हो पाने पर उसकी तस्वीर आसपास के जिलों और अलग-अलग थानों की पुलिस को भेजी गई। तस्वीर बांसवाड़ा पुलिस तक पहुंची तो 12 अक्टूबर को युवती की पहचान सुनहरी के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिवार के लोग रतलाम पहुंचे और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हुई।

होटल के कमरे में चार घंटे रुके थे दोनों

जांच के दौरान राजस्थान पुलिस आरोपी विकास यादव को प्रयागराज से गिरफ्तार कर रतलाम लेकर पहुंची। इसके बाद पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल के साथ उस होटल की भी जांच की, जहां दोनों ठहरे थे। होटल के रजिस्टर के अनुसार, आरोपी 9 अक्टूबर की शाम सुनहरी को लेकर स्टेशन रोड स्थित होटल जय महाकाली के कमरा नंबर-2 में रुका था। दोनों करीब चार घंटे बाद वहां से निकले थे।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सुनहरी को प्रयागराज ले जाने की बात कहकर स्टेशन की ओर ले गया था। रेलवे ट्रैक के पास किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान उसने सुनहरी का गला दबा दिया और शव नाले में छोड़कर उत्तर प्रदेश भाग गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ चल रही है और शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *