एशियन गेम्स में ट्रैप शूटिंग में 2 गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीतने वाली जींद की नीरू ढांडा का बुधवार को जींद में जोरदार स्वागत किया गया। वह शहर के जयंती देवी मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना की। नीरू रोड शो करते हुए अपने गांव संगतपुरा जा रही हैं। गांव के स्टेडियम में हो रहे स्वागत समारोह में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा, मंत्री रणबीर गंगवा, महिपाल ढांडा और कृष्ण बेदी भी शामिल होंगे। यहां 10 हजार से ज्यादा लोगों के खाने की व्यवस्था की गई है। 95 गांवों में रहने वाले ढांडा गोत्र के परिवारों को चूल्हा न्योत दिया गया है। मीडिया से बातचीत में नीरू ने कहा, “मेरे गांव से पहले भी दो-तीन खिलाड़ी निकल चुके हैं। गांव के सरपंच भी खिलाड़ी रहे हैं। मेरे गांव से एक नीरू निकली है, तो दूसरी जगहों से भी और नीरू निकलेंगी। सरकार को महिलाओं की शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी मार्गदर्शन देना चाहिए।”
एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट जींद पहुंचीं:बोलीं- मेरे गांव से एक नीरू निकली, दूसरी जगहों से भी निकलेंगी; 95 गांवों को खाने का न्योता

