हरियाणा के नारनौल में रक्षाबंधन व जन्माष्टमी जैसे त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रींगस-रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल रेलसेवा के संचालन का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से राजस्थान और हरियाणा के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी तथा त्योहारों के अवसर पर अतिरिक्त यात्री भार को कम करने में मदद मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09715, रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल, 22, 23, 29, 30 अगस्त 2026 तथा 5, 6, 7, 12, 13, 19, 20 और 22 सितंबर 2026 को कुल 12 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन रींगस से रात 11:55 बजे रवाना होकर अगले दिन प्रातः 4:00 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। रेवाड़ी से चलेगी रात को इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09716, रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल, 23, 24, 30, 31 अगस्त 2026 तथा 6, 7, 8, 13, 14, 20, 21 और 23 सितंबर 2026 को कुल 12 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन रेवाड़ी से रात 8:20 बजे प्रस्थान कर उसी रात 11:20 बजे रींगस पहुंचेगी। श्याम भक्तों में खुशी वहीं इस ट्रेन के चलने से श्याम भक्तों में खुशी का माहौल है। श्याम भक्त विनय जिंदल, महेंद्र, सोहन सिंह व विपिन यादव ने बताया कि नारनौल-रेवाड़ी रेलमार्ग पर दोहरीकरण के कार्य के चलते दिन की सभी ट्रेनें बंद हैं। ऐसे में श्याम भक्तों को काफी परेशानी हो रही है। अब रात को यह ट्रेन चलने से खाटू श्याम भक्तों को काफी फायदा होगा। 11 डिब्बे लगाए जाएंगे रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष रेलसेवा में कुल 11 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 9 साधारण श्रेणी के कोच तथा 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। सामान्य श्रेणी के अधिक डिब्बे लगाए जाने से आम यात्रियों, दैनिक आवागमन करने वालों तथा त्योहारों के दौरान अपने घर जाने वाले लोगों को विशेष राहत मिलेगी। जानकारी प्राप्त कर चलें उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन संबंधी जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त करें तथा सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के लिए निर्धारित नियमों का पालन करें। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है।

