सलेमपुर के बापू महाविद्यालय इंटर कॉलेज परिसर स्थित खेल मैदान में बुधवार को 70वीं जनपदीय त्रिदिवसीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता (बालक-बालिका) का भव्य शुभारंभ हुआ। ध्वजारोहण और मशाल प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस खेल महाकुंभ में जिले की 6 तहसीलों के करीब 700 खिलाड़ी अपना दमखम दिखा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड और खिलाड़ियों ने कदम से कदम मिलाते हुए शानदार और अनुशासित मार्च पास्ट किया। इस दौरान निकाली गई खिलाड़ियों की आकर्षक झांकी दर्शकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। प्रतियोगिता में देवरिया सदर, बरहज, रुद्रपुर, भाटपार रानी, सलेमपुर और देवरिया ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले ही दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रतसिया कोठी के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. तेज प्रताप सिंह ने की। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में महराजगंज के डीआईओएस डॉ. पीके शर्मा, देवरिया के डीआईओएस विजय राय, डॉ. रमेश सिंह, महेंद्र प्रसाद, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह व राम किंकर मिश्रा उपस्थित रहे।

