उदयपुर में अवैध अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को शहर के दो प्रमुख इलाकों में कार्रवाई की। यह कार्रवाई सेक्टर 11 और बापू बाजार में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पहली बड़ी कार्रवाई सेक्टर 11 में इंडियन ऑयल डिपो के सामने हुई। यहां यूडीए (उदयपुर विकास प्राधिकरण) से नगर निगम को ट्रांसफर हुई दुकानों के बाहर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कबाड़ जमा कर रखा था। इससे आसपास के लोगों और दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही थी। महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर निगम की राजस्व शाखा की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने कबाड़ को हटाकर पूरा रास्ता साफ कराया। कार्रवाई के दौरान मौके से कबाड़ के 4 बड़े डंपर सामान जब्त किए गए। खुद हटा लें कब्जा, वरना होगी जब्ती
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि सरकारी संपत्तियों और सड़कों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपील की है कि जिन लोगों ने भी अतिक्रमण कर रखा है, वे खुद ही उसे हटा लें, वरना निगम बिना बताए कार्रवाई करेगा और सामान भी जब्त कर लेगा। इस कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी नीतीश भटनागर, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, राहुल मीणा सहित पुलिस बल तैनात रहा। दुकानदारों का विरोध, गाड़ियों से हटाई काली फिल्म
दूसरी कार्रवाई शहर के सबसे व्यस्त बाजार ‘बापू बाजार’ में हुई। यहां ट्रैफिक पुलिस ने दुकानों के बाहर फैले अतिक्रमण को हटवाया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने पुलिस का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस ने नियमों का हवाला देकर उन्हें शांत कराया और दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी। अतिक्रमण हटाने के साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर दौड़ रहे वाहनों की भी चेकिंग की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली कई फोर-व्हीलर गाड़ियों के शीशों से काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) हटवाई गई। पुलिस का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए यह सख्ती आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

