सूरजपुर जिले के कुबेरपुर में 17 अक्टूबर को ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत के बाद जमकर बवाल और ग्रामीणों द्वारा क्रशर व ट्रैक्टर में आग लगा देने के मामले में कार्रवाई हुई है। सरगुजा कमिश्नर ने बिहारपुर क्षेत्र में पदस्थ नायब तहसीलदार एवं प्रभारी तहसीलदार करमचंद जाटवर को सस्पेंड कर दिया है। ग्रामीणों द्वारा बवाल के बाद पुलिस ने 26 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गांव में पहुंचकर प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी। मंत्री ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जानकारी के मुताबिक, 17 अक्टूबर को चांदनी बिहारपुर के कुबेरपुर गांव में ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला चंद्रवती जायसवाल 28 वर्ष की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित लोगों ने घंटो चक्काजाम किया था और शाम को ट्रैक्टर एवं क्रशर प्लांट में आग लगा दी थी। ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को घंटों बंधक बना लिया था। मामले में पुलिस ने 26 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया था और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद कुबेरपुर पहुंचकर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को एकतरफा कार्रवाई को लेकर फटकार लगाई थी। मंत्री ने कहा था कि दोपहर 12 बजे हादसा हुआ, शाम 7 बजे तक प्रशासन क्या कर रहा था? प्रभारी तहसीलदार को कमिश्नर ने किया सस्पेंड सूरजपुर कलेक्टर ने मामले की जांच कराई। जांच प्रतिवेदन में चांदनी बिहापुर के प्रभारी तहसीलदार करमचंद जाटवर की कार्यप्रणाली और उनके पदीय दायित्वों के निर्वहन को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे। रिपोर्ट में बताया गया कि 17 अक्टूबर 2026 को ग्राम कुबेरपुर में ट्रैक्टर दुर्घटना हुई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल सक्रियता और जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा थी। हादसे के बाद इलाके में कानून एवं शांति व्यवस्था से जुड़ी संवेदनशील स्थिति पैदा हो गई थी। ऐसे समय में स्थानीय प्रशासन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण थी। आरोप है कि प्रभारी तहसीलदार ने परिस्थिति को संभालने और अपने प्रशासनिक दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई। रिपोर्ट में उनके इस रवैये को कर्तव्यों के प्रति गंभीर उदासीनता और घोर लापरवाही माना गया है। सरगुजा कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा ने प्रभारी तहसीलदार करमचंद जाटवर को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। करमचंद जाटवर का मुख्यालय संभागीय पटवारी प्रशिक्षण शाला, अम्बिकापुर, जिला सरगुजा निर्धारित किया गया है।

