संभल हिंसा से जुड़े बिलाल और अयान हत्याकांड की सुनवाई गुरुवार को नहीं हो सकी। बार एसोसिएशन के चुनाव के चलते वकीलों की हड़ताल होने से कोर्ट में कार्यवाही नहीं हुई। अब पांचवें गवाह से जिरह शनिवार को होगी। मामले की सुनवाई जिला न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह की अदालत में चल रही है। चार गवाहों से जिरह पूरी संभल कोतवाली में दर्ज अयान हत्याकांड की सुनवाई जिला न्यायाधीश की अदालत में हो रही है। मुल्ला अफरोज की ओर से अदालत में 11 गवाहों की सूची दाखिल की गई है। मंगलवार को मोहम्मद नाम का गवाह अदालत पहुंचा था। पांचवें गवाह से जिरह बुधवार और गुरुवार को होनी थी, लेकिन दोनों दिन गवाही नहीं हो सकी। 24 अक्टूबर को फैजान रजा पुत्र मोहम्मद इस्लाम की गवाही हुई थी। सूची में शामिल दो सगे भाइयों फरोग आलम और शहरोज आलम समेत चार गवाहों से जिरह पूरी हो चुकी है। जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने बताया कि बीएनएस की धारा 351 के तहत सुनवाई पूरी हो चुकी है। अब मुल्ला अफरोज की ओर से पेश गवाहों से जिरह की जा रही है। आरोपियों ने एक-दूसरे को पहचानने से किया था इनकार नौ अक्टूबर को अदालत में पेशी के दौरान मुल्ला अफरोज और गुलाम ने एक-दूसरे को पहचानने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कोई घटना नहीं की और पुलिस ने उन्हें झूठा फंसाया है। वहीं, 14 अक्टूबर को बिलाल हत्याकांड के आरोपी गुलाम ने अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए कोई गवाह या सबूत पेश करने से इनकार कर दिया था। अब मामले में अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

