संभल में हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत:बुलंदशहर से लौट रहे थे, एक की मौके पर दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम

संभल में हुए सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत:बुलंदशहर से लौट रहे थे, एक की मौके पर दूसरे ने रास्ते में तोड़ा दम

संभल में बुधवार देर रात आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की जान चली गई। दोनों पड़ोसी जिले बुलंदशहर के रामघाट से दावत खाकर बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे ने अलीगढ़ ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर हादसा गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रसूलपुर गांव के पास बुधवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान गांव निवासी विजेंद्र कुमार (38) पुत्र राजवीर और रामनिवास (29) पुत्र पान सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों दोस्त बाइक से दावत खाने बुलंदशहर के रामघाट गए थे। वहां से लौटते समय गांव के नजदीक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अस्पताल में एक को मृत घोषित किया हादसे की सूचना पर 108 एंबुलेंस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर लेकर पहुंची। रात करीब 11:50 बजे डॉक्टरों ने विजेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामनिवास की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ ले जाते समय दूसरे दोस्त की भी मौत परिजन रामनिवास को इलाज के लिए अलीगढ़ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में रात करीब 2 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। दो दोस्तों की एक साथ मौत की खबर से परिवारों में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल है। चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया विजेंद्र अपने पीछे पत्नी शारदा, बेटी दीक्षा और दो बेटे अर्पित व अनुज को छोड़ गए हैं। वहीं, रामनिवास के परिवार में पत्नी सुनीता, बेटी प्रज्ञा और बेटा पिस्सू हैं। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में दो बाइक सवार ग्रामीणों की मौत हुई है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। अभी परिजनों की ओर से शिकायत नहीं मिली है। अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *