भास्कर न्यूज | जालंधर श्रीराम चौक पर नगर निगम समूह यूनियन ने आउटसोर्स कर्मचारियों को चार महीने से वेतन न मिलने के विरोध में पंजाब सरकार और नगर निगम प्रशासन का पुतला फूंका। प्रदर्शन की अगुवाई यूनियन के अध्यक्ष बंटू सबरवाल और शम्मी लूथर ने की। यूनियन नेताओं ने कहा कि 370 कच्चे कर्मचारियों का वेतन लंबित है। उन्होंने मांग रखी कि 64 फीटर, 40 माली सहित कर्मचारियों को पक्का किया जाए और 1196 की भर्ती जालंधर से की जाए, जिसमें वाल्मीकि समाज के लोगों को ही काम मिले। मौके पर बंटू सबरवाल, शम्मी लूथर, सिकंदर खोसला, राजन कल्याण, जस्सी तलन, बलविंदर विक्की, हैपी थापर, हितेश नाहर, प्रेमपाल बाबा, राज किशोर सहित नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे। यूनियन ने बताया कि सोमवार से 85 वार्डों में कूड़ा लिफ्टिंग और सफाई व्यवस्था का काम बंद किया जाएगा। नेताओं का कहना है कि वेतन न मिलने से परिवार का खर्च चलाना चुनौती बन चुका है।

