वायरल फीवर का प्रकोप, 35 वर्षीय युवक की मौत:हाथरस में जिला अस्पताल में पहुंचे 200 से ज्यादा मरीज

वायरल फीवर का प्रकोप, 35 वर्षीय युवक की मौत:हाथरस में जिला अस्पताल में पहुंचे 200 से ज्यादा मरीज

हाथरस में वायरल फीवर का प्रकोप बढ़ गया है। मंगलवार को जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। मृतक की पहचान शहर के कोठी बेलन शाह निवासी महेश पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। वह पेंटिंग का काम करता था। महेश कई दिनों से बुखार से पीड़ित था और उसकी प्लेटलेट्स भी कम हो गई थीं। सोमवार रात उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे मंगलवार सुबह जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को बुखार के 200 से ज्यादा मरीज पहुंचे। प्राइवेट अस्पतालों में भी बुखार के मरीजों की भीड़ देखी गई। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण पर्चा काउंटर, दवा काउंटर और डॉक्टरों के कमरों के बाहर लंबी लाइनें लग गईं। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अवधेश कुमार ने लोगों को सलाह दी है। उन्होंने कहा कि लोग बार-बार पानी पिएं और गर्म पानी का सेवन करें। अगर कोई आसपास छींक रहा है तो रुमाल आदि से अपना बचाव करें। डेंगू या मलेरिया के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *