शहर के व्यस्त आरती चौक स्थित एक प्रसिद्ध पान की दुकान में चोरों ने एक बार फिर धावा बोल दिया। वारदात आज तड़के (रविवार) सुबह करीब 4 बजे अंजाम दी गई, जब मुंह ढके तीन नकाबपोश चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर भीतर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित दुकानदार दीपक चौरसिया के अनुसार, उनकी दुकान में चोरी की यह लगातार चौथी घटना है। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि मुंह पर कपड़ा बांधे तीन संदिग्ध आरोपी सुबह करीब 4 बजे दुकान के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने पेचकश या लोहे के औजार से शटर तोड़ा और अंदर घुस गए। इसके बाद वे थैलियों में दुकान के भीतर रखा कीमती सामान और नकदी भरने लगे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। दुकानदार का अंदेशा है कि इस बार चोरों ने करीब 3 से 4 लाख रुपये का सामान और नगदी पार कर दी है। पीसीआर टीम ने लिया जायजा, जांच शुरू चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना मिलते ही पीसीआर (PCR) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदार को संबंधित पुलिस थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। लगातार चौथी बार हुई इस वारदात के बाद स्थानीय कारोबारियों में पुलिस गश्त और सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।

