लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित गुरु गोबिंद सिंह नगर इलाके में चोरों ने लोगों को घरों में कैद करके गली में खड़ी ई-रिक्शा की बैटयिरां चोरी कर ली। घरों के बाहर गेटों को रस्सियों से चोरों ने बांध दिया ताकि कोई भी व्यक्ति घर के बाहर ना निकल सके। सुबह करीब 4 बजे हुई इस वारदात में चोरों ने पहले कुछ घरों के गेट बाहर से रस्सी से बांध दी, फिर गली में खड़ी एक ई-रिक्शा से चार बैटरियां चुराई। पिछले 6 महीने में यह दूसरी वारदात है। सीसीटीवी में कैद हुई घटना पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोरों ने इस घटना को अंजाम देने में लगभग आधे घंटे का समय लिया। पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दे दी गई है। ई-रिक्शा मालिक घर से बाहर निकलने लगा तो रस्सी बंधा मिला गेट ई-रिक्शा मालिक हेमराज ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह अपना ई-रिक्शा घर के बाहर खड़ा करते थे। सुबह जब वह घर से बाहर निकलने लगे, तो पाया कि गेट बाहर से रस्सी से बंधा हुआ था। उन्होंने किसी व्यक्ति की मदद से रस्सी खुलवाई। इसके बाद जब हेमराज ने अपने ई-रिक्शा को देखा, तो उसकी चारों बैटरियां गायब थीं। चोर बैटरियां चुराकर मौके से फरार हो चुके थे। हेमराज के अनुसार, इस चोरी से उन्हें करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे उनके परिवार का गुजारा और भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र में ई-रिक्शा चोरी की ऐसी ही घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था और कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुई बैटरियों को बरामद किया जाए।

