स्कूल वेबसाइट पर सक्रिय, धरातल पर खंडहर:AAP प्रवक्ता ने सुल्तानपुर के प्राथमिक विद्यालय की बदहाली पर उठाए सवाल

स्कूल वेबसाइट पर सक्रिय, धरातल पर खंडहर:AAP प्रवक्ता ने सुल्तानपुर के प्राथमिक विद्यालय की बदहाली पर उठाए सवाल

सुल्तानपुर के जयसिंहपुर ब्लॉक में स्थित प्राथमिक विद्यालय सोनूपारा सरकारी वेबसाइट पर आज भी संचालित दिखाया जा रहा है, जबकि धरातल पर यह स्कूल पूरी तरह से बंद और खंडहर में तब्दील हो चुका है। आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रवक्ता वंशराज दुबे ने शनिवार 11:30 बजे इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार और स्थानीय शिक्षा प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी किया है। AAP प्रवक्ता ने विद्यालय परिसर का दौरा किया और इसकी दुर्दशा उजागर की। उन्होंने बताया कि पूरे स्कूल परिसर में घनी झाड़ियां, जंगल और मलबे का ढेर जमा है। मुख्य गेट पर एक फर्जी ताला लटका हुआ मिला, जबकि पीछे की बाउंड्री वॉल पूरी तरह से ध्वस्त और टूटी हुई पाई गई। प्रवक्ता ने अपने फोन में विद्यालय का यू-डाइस कोड दिखाते हुए आरोप लगाया कि यह प्राथमिक विद्यालय सरकारी वेबसाइट (यू-डाइस/पोर्टल) पर आज भी ‘सक्रिय’ दर्ज है। इसके विपरीत, धरातल पर यह स्कूल बंद, जर्जर और खंडहर में बदल चुका है। AAP प्रवक्ता ने इसे प्रदेश सरकार की ‘कायाकल्प योजना’ पर सवाल उठाते हुए ‘स्कूल की चोरी’ और ‘भ्रष्टाचार’ करार दिया। वीडियो में बच्चों के पानी पीने के स्थान (नल/टैब) और रसोईघर की जर्जर हालत भी दिखाई गई। रसोई के भीतर गंदगी और कबाड़ फैला हुआ था। दिव्यांग बच्चों के लिए बने रैंप और शौचालय तक जाने वाले रास्ते भी झाड़ियों व कटे हुए पेड़ों से पटे पड़े थे, जिससे उनकी पहुंच बाधित हो रही थी। प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय गरीब बच्चों के लिए यह विद्यालय बंद कर दिया गया है या उसका स्थान स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे उन्हें लगभग 2 किलोमीटर दूर दूसरे स्कूल में जाना पड़ रहा है। इससे गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। AAP प्रवक्ता ने चेतावनी दी है कि वे सरकारी कागजों में चल रहे और धरातल से ‘गायब’ इस स्कूल की ‘चोरी’ की सूचना स्थानीय थाने में देंगे। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *