कोटा में दो दिन बारिश का अलर्ट:सुबह बादल छाए, न्यूनतम तापमान 6 डिग्री गिरा; किसानों के लिए जारी की चेतावनी

कोटा में दो दिन बारिश का अलर्ट:सुबह बादल छाए, न्यूनतम तापमान 6 डिग्री गिरा; किसानों के लिए जारी की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान और सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के दोहरे प्रभाव से कोटा संभाग के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। मौसम विभाग ने कोटा संभाग में गुरुवार से दो दिनों तक तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार सुबह-सुबह शहर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और आसमान में बादल छाने से बारिश जैसा माहौल बन गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकल आई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत महसूस हुई। कोटा शहर में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। बुधवार रात इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान गिरकर 16.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले तीन दिनों के भीतर रात के तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 29 और 30 अक्टूबर को हो सकती है बारिश
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 29 और 30 अक्टूबर को कोटा संभाग में तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जना और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। 1 नवंबर से मौसम के फिर शुष्क होने की संभावना जताई गई है। मौसम में संभावित बदलाव और बारिश की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटाई की गई या मंडी में पड़ी अपनी फसलों को खुले में न छोड़ें और उन्हें समय रहते सुरक्षित स्थानों या तिरपाल से ढककर रखें, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *