जबलपुर के रांझी में क्राइम ब्रांच और पुलिस ने 2 नवंबर की सुबह वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को 5 किलो 131 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की कीमत 2 लाख 56 हजार 500 रुपए है। दोनों युवक डिंडौरी में बस छूटने की बात कहकर कार में लिफ्ट लेकर जबलपुर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। उनसे गांजा कहां से और किससे मिला, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। तेज रफ्तार कार को रोककर की जांच रांझी थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस की संयुक्त टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान रांझी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सियाज कार को रोका गया। कार चला रहे बालकिशन नागवंशी (36), निवासी ग्राम बीजनवाड़ा, पिपरिया, जिला नर्मदापुरम ने पुलिस को अपना नाम-पता बताया। कार की पीछे वाली सीट पर दो युवक बैठे थे। उनके पास एक-एक बैग था। पुलिस को उनका व्यवहार संदिग्ध लगा। बैग में मिले गांजे के पांच पैकेट पूछताछ में दोनों युवकों ने अपने नाम मनीष कुमार रजक (25), निवासी कुदवारी काली मंदिर के पास, गोहलपुर और आनंद श्रीवास (24), निवासी खेरमाई मंदिर के पास, अमखेरा, गोहलपुर बताए। तलाशी के दौरान मनीष के बैग से गांजे के दो पैकेट और आनंद के बैग से तीन पैकेट मिले। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से कुल 5 किलो 131 ग्राम गांजा जब्त किया गया। इसकी कीमत 2 लाख 56 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने एक रियलमी कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया है। बस छूटने की बात कहकर ली थी लिफ्ट कार चालक बालकिशन ने पुलिस को बताया कि 31 अक्टूबर को वह पचमढ़ी से चार सवारियां लेकर भेड़ाघाट, जंगल रिसोर्ट कान्हा-किसली और अमरकंटक गया था। उसने चारों सवारियों को अमरकंटक इन होटल में छोड़ा और वहां से पिपरिया लौट रहा था। बालकिशन के मुताबिक, डिंडौरी में दोनों युवक बैग लेकर खड़े थे। उन्होंने हाथ देकर कार रुकवाई और बताया कि उनकी बस छूट गई है। उन्हें जबलपुर जाना है। दोनों ने उसे 500 रुपए देने की बात कही थी। NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की है। जब्त गांजे के स्रोत और उसे किससे प्राप्त किया गया था, इस संबंध में दोनों से पूछताछ की जा रही है।

