बहादुरगढ़ के बराही रोड स्थित त्रिवेणी स्कूल के पास शुक्रवार सुबह एक पूर्व सैनिक ने अपनी लाइसेंसी एकनाली बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 80 वर्षीय रामफल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार रामफल पिछले करीब 3-4 महीने से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। वह सेना से सेवानिवृत्त थे और पेंशन प्राप्त करते थे। शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे उन्होंने अपने मकान पर लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रामफल के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। वह अपने बेटे इंदर के साथ रहते थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

