लखीमपुर खीरी के बिजुआ में शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। घटना बिजुआ-भीरा मार्ग पर डिमरौल गांव के पास की है। ग्राम इटकुटी निवासी नजमा परवीन, जो आशाटांडा विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर तैनात हैं, शुक्रवार की सुबह अपने परिवार के साथ मोटरसाइकिल से स्कूल जा रही थीं। बाइक पर उनके पति आरिफ खान और दो मासूम बच्चे—अफजल खान (लगभग 9 वर्ष) व पुत्री आफरीन सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही नजमा का परिवार डिमरौल के करीब पहुंचा, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और खून से लथपथ हो गए। हादसे के तुरंत बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना होते ही आसपास के राहगीर और ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से सभी घायलों को तत्काल बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन आरिफ खान, नजमा परवीन और दोनों बच्चों की चिंताजनक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारकर भागने वाली अज्ञात बाइक की तलाश जारी है।

