नारनौल में नशे के खिलाफ लोगों ने की बैठक:2 दिन पहले किया था थाने में हंगामा, व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर करेंगे निगरानी

नारनौल में नशे के खिलाफ लोगों ने की बैठक:2 दिन पहले किया था थाने में हंगामा, व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर करेंगे निगरानी

हरियाणा के नारनौल में नशा के खिलाफ दो दिन पहले थाने में हंगामा करने वाले मोहल्ला बड़ा बाग के लोगों ने अपने वार्ड को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से अभियान चलाने का फैसला लिया है। शुक्रवार शाम को आयोजित बैठक में क्षेत्र के लोगों ने अवैध रूप से शराब, चिट्टा, भुक्की, अफीम सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता गौशाला के पूर्व प्रधान सुरेश यादव ने की। इस दौरान पूर्व पार्षद राम सिंह सैनी सहित वार्ड के कई लोग मौजूद रहे। एकजुट होकर करेंगे काम बैठक में मोहल्ला के लोगों ने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। इसके साथ ही जो लोग किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर रहे हैं, उन्हें समझाकर नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ऐसे लोगों की हर संभव मदद करने पर भी सहमति बनी, ताकि वे नशे की लत से बाहर आ सकें। पुलिसकर्मी भी रहे मौजूद बैठक में सिटी थाना पुलिस की टीम भी पहुंची। थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर नशे की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करवाने की बात कही। नशा रोकने को बनाया जाएगा ग्रुप इस दौरान वार्ड के लोगों ने एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्णय लिया। ग्रुप के माध्यम से क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले लोगों पर नजर रखी जाएगी। संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी जाएगी, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। युवाओं को बचाना क्षेत्रवासियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसी व्यक्ति को परेशान करना नहीं, बल्कि वार्ड में नशे के कारोबार पर रोक लगाकर युवाओं और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित एवं नशामुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। लोगों ने अभियान को लगातार जारी रखने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का निर्णय लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *