लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र के पल्हनापुर गांव में शुक्रवार रात 26 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी के मायके वालों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में पंकज कुमार को परिजन बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पत्नी के मायके वालों से विवाद के दौरान मारपीट का आरोप मृतक की पहचान पल्हनापुर निवासी डोरे लाल के बेटे पंकज कुमार (26) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, पंकज की शादी 7 मई 2026 को कटैया निवासी रोशनी से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। रोशनी के गर्भवती होने की बात भी बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम पंकज और रोशनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रोशनी के मायके वालों को घटना की जानकारी हुई। तीन बाइकों से पहुंचे करीब 11 लोग परिजनों का आरोप है कि शाम करीब 7 बजे रोशनी का भाई सुनील, पिता ओमप्रकाश, जीजा और करीब आठ अन्य लोग तीन बाइकों से पल्हनापुर पहुंचे। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मायके पक्ष के लोगों ने पंकज के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों के मुताबिक, लाठी-डंडों से किए गए हमले में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हमले के बाद परिजन पंकज को एंबुलेंस से बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। बताया गया कि रात करीब 9 बजे अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंकज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की जानकारी मिलने पर भीरा थानाध्यक्ष अमित पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाने के बाद शव का पंचनामा भरवाया। रात करीब साढ़े 12 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह भी स्पष्ट हो सकेगी।

