मुंबई जाने वाले लखनऊ और आसपास के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे ने गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन शुरू कर दिया है। यह ट्रेन लखनऊ के बादशाह नगर और ऐशबाग रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी। ट्रेन के शुरू होने से मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों को एक और साप्ताहिक रेल सेवा का विकल्प मिल गया है। शुक्रवार को गोरखपुर से रवाना होगी ट्रेन रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर 15085 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को गोरखपुर से सुबह 7:50 बजे रवाना होगी। ट्रेन लखनऊ के बादशाह नगर स्टेशन पर दोपहर 1:13 बजे और ऐशबाग स्टेशन पर दोपहर 2:05 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन मुंबई की ओर रवाना होगी। शनिवार को मुंबई से होगी वापसी वापसी में ट्रेन नंबर 15086 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस 29 अगस्त से प्रत्येक शनिवार रात 9:20 बजे बांद्रा टर्मिनस से चलेगी। लखनऊ में ट्रेन ऐशबाग स्टेशन पर रात 12:58 बजे और बादशाह नगर स्टेशन पर रात 1:21 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन गोरखपुर के लिए रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 6:45 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। लखनऊ के यात्रियों को मुंबई के लिए बढ़ा विकल्प नई अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से लखनऊ और आसपास के जिलों के यात्रियों को मुंबई जाने के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान मुंबई रूट पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह सेवा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। तेजस एक्सप्रेस का भी बदला अंदाज इधर, लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस भी शुक्रवार से नए अंदाज में नजर आई। स्प्राइट और आईआरसीटीसी की साझेदारी के तहत ट्रेन को अब ‘स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस’ के नाम से प्रमोट किया जा रहा है। ट्रेन के पांच कोच के बाहरी हिस्से पर स्प्राइट की ब्रांडिंग की गई है। इसके अलावा ट्रेन के शुरुआती और रास्ते के स्टेशनों पर होने वाली उद्घोषणाओं में भी इसका नाम ‘स्प्राइट तेजस एक्सप्रेस’ रखा जाएगा।

