लखनऊ में महिला बैंककर्मी की दिनदहाडे़ हत्या, ICICI बैंक के बाहर गोलियां मारकर फरार हुआ हमलावर पति

लखनऊ में महिला बैंककर्मी की दिनदहाडे़ हत्या, ICICI बैंक के बाहर गोलियां मारकर फरार हुआ हमलावर पति

UP Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में दिनदहाड़े एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां विवेकखंड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के सामने एक महिला बैंक कर्मचारी की उसके ही पति ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई है। गोमतीनगर थाने के ठीक बगल में हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

दिनदहाड़े चली गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग और बैंक के अन्य कर्मचारी सहम गए। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल दिव्या को पुलिस ने तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

कॉल करके बैंक के बाहर बुलाया

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह दिव्या मिश्रा रोज की तरह ड्यूटी के लिए बैंक पहुंची थीं। थोड़ी देर बाद ही उनके पास किसी का कॉल आया और उन्हें बात करने के लिए बैंक के बाहर बुलाया गया। आरोपी ने महिला से थोड़ी देर तक बातचीत की, फिर गोली मारकर भाग गया। हमलावर ने महिला को दो गोलियां मारीं और वारदात को अंजाम देने के बाद कार से फरार हो गया।

एडीसीपी अमोल मुरकुट के मुताबिक, महिला बैंक कर्मचारी दिव्या मिश्रा की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी क्राइम ब्रांच के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। वह ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थी और आलमबाग में रहती थी। उसने एक साल पहले पति मानस से तलाक लेने के लिए कोर्ट में अपील भी दायर की थी।

CCTV फुटेज खंगाल रही क्राइम ब्रांच की टीम

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हत्यारों की तलाश तेज कर दी है। इसके साथ ही बैंक और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अब महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *