लखनऊ में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी बारिश हुई । हज़रत गंज, हुसैन गंज, चौक, चारबाग, अमीनाबाद, रहीमाबाद, गोमती नगर और सरोजनीनगर समेत शहर के कई इलाकों में रुक रुक कर बारिश होती रही। बारिश के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ गिरने, सड़क धंसने और दीवार गिरने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर लगभग 2:00 बजे वजीरगंज के जुबली कॉलेज के पास विशालकाय पेड़ सड़क पे गिर गया जिससे पूरा दिन आवागमन बाधित रहा ।आईटी चौराहे से पहले मुख्य मार्ग पर सड़क धंस गई। सड़क के बीच करीब 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया। पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास के सामने बने इस गड्ढे में एक बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं गोलागंज में मूसलाधार बारिश के चलते एक पुराने और जर्जर मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। चौक स्थित अकबरी गेट के महमूद नगर में गली की रोड धस गई जिस में फंसी स्कूटी को लोगों ने खींच कर निकाला । वही गली धंसने से तीन परिवार के लोगों को आवा गमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

