पंजाब के 18 वर्षीय युवक रोमांच महाजन की मौत के बाद न्यूयॉर्क में घोड़ा गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने के लिए बना ‘रोमांच लॉ’ अब विरोध के घेरे में आ गया है। न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल से कानून को मंजूरी मिलने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है। ट्रंप ने घोड़ा गाड़ी की सवारी को न्यूयॉर्क की ऐतिहासिक परंपरा बताते हुए कहा कि इसे बंद करना इतिहास के एक और हिस्से को खत्म करने जैसा है। दूसरी ओर, कानून का विरोध कर रही घोड़ागाड़ी चालक और मालिकों की यूनियन ने इसे अदालत में चुनौती देने की तैयारी की है। ऐसे में पंजाब के युवक की मौत के बाद शुरू हुई सुरक्षा और पशु कल्याण की बहस अब रोजगार, ऐतिहासिक विरासत और राजनीतिक मतभेदों तक पहुंच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ-साथ कुछ अन्य राजनेताओं और स्थानीय लोगों के इतराज के बाद अमेरिकी लोग इस फैसले को लेकर 2 धड़ों में बंट गए हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे एतिहासिक बदलाव बता रहे हैं तो दूसरा पक्ष इस कानून से ऐतिहासिक परंपरा, कारोबार और रोजगार के नुकसान पर सवाल उठा रहा है। ट्रंप बोले- एक हादसे के कारण पूरी परंपरा क्यों खत्म की जा रही? डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि सेंट्रल पार्क की लोकप्रिय घोड़ागाड़ी सेवा एक सदी से अधिक समय से न्यूयॉर्क की पहचान रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इलाके में कार दुर्घटनाएं भी होती हैं, लेकिन इसके कारण कारों का प्रवेश बंद नहीं किया जाता। फिर घोड़ागाड़ियों पर रोक क्यों लगाई जा रही है? ट्रंप ने इसे दुखद फैसला बताते हुए कहा कि यह न्यूयॉर्क की एक महान परंपरा थी, जिसे लोग याद करेंगे। ट्रंप समर्थकों का कहना है कि आपत्ति का मुख्य आधार यह है कि रोमांच महाजन की मौत जैसे दुखद हादसे के कारण पूरे उद्योग को बंद करने के बजाय सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर किया जाना चाहिए। उनके बयान में यह सवाल भी निहित है कि क्या किसी पुरानी पर्यटन परंपरा को खत्म करना ही सुरक्षा का एकमात्र रास्ता है। हालांकि, कानून के समर्थकों का कहना है कि घोड़ों से खींची जाने वाली गाड़ियों के संचालन में यात्रियों, पैदल चलने वालों और स्वयं घोड़ों की सुरक्षा से जुड़े जोखिम हैं। उनके मुताबिक, बढ़ती भीड़ और बदलते शहरी माहौल में इस परंपरा को जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है। कानून के खिलाफ यूनियन भी मैदान में ट्रंप की आपत्ति के साथ ही घोड़ागाड़ी उद्योग से जुड़े कर्मचारियों और मालिकों का विरोध भी तेज हो गया है। ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन का कहना है कि प्रतिबंध से उन लोगों की आजीविका प्रभावित होगी, जो वर्षों से इस कारोबार से जुड़े हैं। यूनियन ने कानून को अदालत में चुनौती देने की चेतावनी दी है। यूनियन की प्रमुख आपत्तियों में घोड़ागाड़ी संचालन के लाइसेंस और कारोबार में किए गए निवेश का नुकसान शामिल है। युनियन का तर्क है कि यदि सरकार किसी पहले से लाइसेंस प्राप्त कारोबार को बंद करती है, तो प्रभावित मालिकों को उचित मुआवजा देने की ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। यूनियन ने यह भी कहा है कि कानून में रोजगार सहायता और मुआवजे को लेकर पर्याप्त गारंटी नहीं है। सोशल मीडिया पर अमेरिकी लोग कर रहे हैं कि सवाल केवल यह नहीं है कि घोड़ागाड़ियों पर प्रतिबंध सही है या गलत, बल्कि यह भी है कि कानून लागू होने पर कारोबारियों और कामगारों को कितना आर्थिक संरक्षण मिलेगा। ममदानी का फैसला, कामगारों के हितों की रक्षा का भरोसा न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने घोड़ागाड़ी उद्योग को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की योजना का समर्थन किया है। उनके प्रशासन का कहना है कि कानून को लागू करते समय प्रभावित चालकों और अन्य कर्मचारियों के लिए रोजगार के वैकल्पिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इसमें करियर काउंसलिंग, प्रशिक्षण और दूसरे क्षेत्रों में नौकरी से जोड़ने जैसे उपाय शामिल हैं। ममदानी प्रशासन ने सिटी काउंसिल, यूनियन, घोड़ागाड़ी चालकों और पशु कल्याण संगठनों के साथ मिलकर बदलाव की प्रक्रिया तैयार करने की बात कही है। कानून के तहत प्रशासन को अप्रैल 2027 तक कामगारों के लिए संक्रमण योजना तैयार करनी है। घोड़ागाड़ी मालिकों को कारोबार और लाइसेंस के नुकसान के बदले मुआवजा देने पर विचार करने का प्रावधान भी शामिल है, हालांकि मुआवजे की गारंटी को लेकर विवाद बना हुआ है। इस तरह ममदानी के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ उन्हें सुरक्षा और पशु कल्याण के मुद्दे पर कानून को आगे बढ़ाना है, वहीं दूसरी तरफ उन कामगारों की नाराजगी दूर करनी है, जिनकी रोजी-रोटी इस कारोबार पर निर्भर है। पंजाब के रोमांच की मौत बनी कानून की वजह बता दें, ‘रोमांच लॉ’ का नाम 18 वर्षीय भारतीय पर्यटक रोमांच महाजन के नाम पर रखा गया है। 17 जून को न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में घोड़ागाड़ी से जुड़े हादसे में उनकी मौत हो गई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, घोड़ा अचानक बेकाबू होकर दौड़ने लगा था। इस दौरान रोमांच की मां गाड़ी से गिर गईं और उन्हें बचाने की कोशिश में रोमांच भी गाड़ी से नीचे कूद गए। उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद रोमांच के परिवार ने घोड़ागाड़ी व्यवस्था को बंद करने की मांग उठाई। पशु कल्याण संगठनों और प्रतिबंध के समर्थकों ने भी इसे सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत से जोड़कर देखा। इसके बाद कानून को गति मिली और 22 अक्टूबर को न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल ने इसे 40-7 से मंजूरी दे दी। दो सदस्य मतदान से अलग रहे। कानून के अनुसार, घोड़ागाड़ी संचालन को 1 जून 2028 तक समाप्त करने की योजना है। फिलहाल यह प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और अब इसके विरोध तथा संभावित कानूनी चुनौती पर नजर रहेगी।

