हरियाणा के रेवाड़ी-नारनौल रूट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी और रींगस के बीच दो ट्रिप अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से रेवाड़ी, अटेली, नारनौल और रींगस के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर रात के समय सफर करने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 09633 रेवाड़ी-रींगस अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल 4 और 7 सितंबर को रात 10:50 बजे रेवाड़ी से रवाना होगी। यह ट्रेन अटेली स्टेशन पर रात 11:19 से 11:21 बजे तथा नारनौल स्टेशन पर 11:37 से 11:39 बजे ठहरेगी। इसके बाद डाबला, नीमकाथाना, कावंट और श्रीमाधोपुर होते हुए अगले दिन रात 1:45 बजे रींगस पहुंचेगी। 5 व 8 को आएगी वापसी वापसी में गाड़ी संख्या 09634 रींगस-रेवाड़ी अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल 5 और 8 सितंबर को रात 2:05 बजे रींगस से रवाना होगी। यह ट्रेन नारनौल में सुबह 3:36 से 3:38 बजे और अटेली में 3:51 से 3:53 बजे ठहराव करेगी। इसके बाद सुबह 5:10 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। 16 डिब्बों का डेमू रैक रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष रेलसेवा का संचालन 16 डिब्बों वाले डेमू रैक से किया जाएगा। सीमित अवधि के लिए चलाई जा रही इस स्पेशल ट्रेन से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से समयानुसार स्टेशन पहुंचकर इस विशेष रेलसेवा का लाभ उठाने की अपील की है।

