रिलायंस स्मार्ट बाजार की चॉकलेट में निकले कीड़े:मुजफ्फरनगर में खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ी, स्टोर पर लापरवाही का आरोप

रिलायंस स्मार्ट बाजार की चॉकलेट में निकले कीड़े:मुजफ्फरनगर में खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ी, स्टोर पर लापरवाही का आरोप

मुजफ्फरनगर में रिलायंस स्मार्ट बाजार से खरीदी गई चॉकलेट में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है। नई मंडी थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी रिंग रोड स्थित स्टोर से चॉकलेट खरीदकर बच्चों को खिलाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने का आरोप है। शिकायतकर्ता अमजद सैफी का दावा है कि चॉकलेट खोलकर देखने पर उसमें कीड़े दिखाई दिए। उन्होंने स्टोर प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने चॉकलेट का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। चॉकलेट खाने के बाद बच्चों को होने लगी खांसी अमजद सैफी ने बताया कि उन्होंने रविवार शाम स्टोर से बच्चों के लिए चॉकलेट खरीदी थी। रात में बच्चों ने चॉकलेट खाई तो उन्हें खांसी होने लगी और तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद चॉकलेट को पूरी तरह खोलकर देखा गया तो उसके अंदर कीड़े दिखाई दिए। उन्होंने बच्चों को बाकी चॉकलेट खाने से रोक दिया और इसका वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दूसरे पैकेट खुलवाने पर भी कीड़े मिलने का दावा अमजद सैफी सोमवार सुबह करीब 10 बजे अन्य लोगों के साथ शिकायत लेकर दोबारा स्टोर पहुंचे। वहां चॉकलेट के पैकेट और डिब्बियां खुलवाकर जांच कराई गई। अमजद का दावा है कि इस दौरान कई अन्य चॉकलेट में भी कीड़े मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद स्टोर मैनेजर उनसे बात करने के लिए नीचे नहीं आए और मामले में टालमटोल की गई। उनका कहना है कि बच्चों की तबीयत अभी भी खराब है और वे उन्हें डॉक्टर के पास ले जा रहे हैं। स्टोर मैनेजर ने कीड़े नहीं, व्हाइट टेक्सचर होने की बात कही रिलायंस स्मार्ट बाजार के डिपार्टमेंट मैनेजर सचिन सिंह ने कहा कि चॉकलेट में व्हाइट टेक्सचर था, जिसे ग्राहक ने देखने में कीड़ा समझ लिया। वहीं, असिस्टेंट कमिश्नर फूड अर्चना धिरान ने बताया कि शिकायत वाली चॉकलेट का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। पुलिस ने फूड सेफ्टी विभाग का मामला बताया नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मामले को खाद्य सुरक्षा विभाग से जुड़ा बताते हुए शिकायत लेने से इनकार कर दिया। अब चॉकलेट के सैंपल की जांच रिपोर्ट से ही उसकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *